हत्या के आरोप में गिरफ्तार तीन निहंगों को छह दिन की पुलिस रिमांड

सोनीपत। कुंडली बार्डर पर धार्मिक ग्रंथ की बेअदबी के आरोप में लखबीर सिंह की हत्या के मामले में आरोपित तीनों निहंगों भगवंत सिंह व गोविंद प्रीत ने शनिवार रात साढ़े नौ बजे कुंडली थाना में आत्मसमर्पण कर दिया था। कुंडली थाना प्रभारी रवि कुमार ने उनका आत्मसमर्पण कराया था। वहीं एक निहंग नारायण सिंह को अमृतसर में पकड़ा गया था। तीनों आरोपितों को रविवार दोपहर को अदालत में पेश किया गया।
कुंडली बार्डर पर प्रदर्शन स्थल के पास बृहस्पतिवार रात को पंजाब के तरनतारन के गांव चीमा खुर्द के लखबीर सिंह की नृशंस हत्या कर दी गई थी। हत्या की जिम्मेदारी निहंगों ने ली थी। लखबीर पर धार्मिक ग्रंथ से बेअदबी करने का आरोप लगाया था। उसकी बेरहमी से हत्या करने और शव को बेरिकेड पर लटकाने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी थी। इस मामले में शुक्रवार शाम को निहंग सरबजीत सिंह ने पुलिस टीम के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था। उसे सात दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। निहंग भगवंत सिंह, गोविंद प्रीत व नारायण सिंह को पुलिस ने रविवार दोपहर को दो बजे न्यायालय में पेश किया। उनको 3:50 बजे न्यायालय से बाहर लाया गया। न्यायालय ने इनको छह दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने न्यायालय से 14 दिन का रिमांड मांगा था, लेकिन छह दिन का ही स्वीकृत हो सका। इस दौरान आरोपितों के अन्य साथियों का पता लगाने के साथ ही उनसे हथियार बरामद किए जाएंगे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *